BJP Parliamentary Party Office Secretary; National Convenor, BJP Publication Deptt.; Editor Kamal Sandesh (Hindi & English); BJP National Executive Member.

                                                            पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव 

पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है। नवंबर एवं दिसंबर माह में विभिन्न चरणों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं मिजोरम में लोग अपने प्रदेश के सरकारों को चुनने के लिए मतदान करेंगे। वोटों की गिनती 11 दिसंबर को होगी। जो भी राजनीतिक दल इन चुनावों में अपनी गंभीर दावेदारी कर रहे हैं, अब जनता के बीच जा रहे हैं। इन राज्यों में चुनाव अभियान शुरू हो चुका है और जनता तक सभी दल प्रचार के लिए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में पिछले तीन चुनावों से जनता लगातार भाजपा सरकार चुन रही है। राजस्थान में भी पिछले चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत हासिल की थी। तेलंगाना जहां विधानसभा चुनाव समय से पहले कराये जा रहे हैं, वहां तेलंगाना राष्ट्र समिति की सरकार है। मिजोरम में वर्तमान में कांग्रेस सरकार का शासन है।

भाजपा शासन में मध्य प्रदेश में जबरदस्त विकास हुआ है। यह एक ऐसा राज्य है जो कभी ‘बीमारू’ राज्यों की श्रेणी में था, परन्तु भाजपा सरकार में हर क्षेत्र में इसने अद्भुत प्रगति की है। कृषि विकास दर ने किसी को भी अचंभे में डालने की हद तक छलांग लगाई है और कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैंं। इसी प्रकार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने भी हर क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज की है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों का दिल जीता है और यही कारण है कि प्रदेश की जनता बार–बार उनमें अपना विश्वास प्रकट कर रही है।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई गाथा लिखी है। मध्य प्रदेश से अलग हो छत्तीसगढ़ बनने के बाद यह आदिवासी बहुल प्रदेश आज देश के अन्य राज्यों से कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की ही दूरदर्शिता थी कि भाजपा के छोटे राज्यों को समर्थन के सिद्धांत के आधार पर उन्होंने छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था और उसका सुफल आज सबके सामने है। इसकी विकास-गाथा ने न केवल नक्सलवाद पर लगाम लगाई है, बल्कि प्रदेश का औद्योगिक विकास भी तेज हुआ है।

राजस्थान में कांग्रेस कुशासन के एक दौर के बाद भाजपा को जनता ने पिछले चुनाव में भारी समर्थन दिया। भाजपा के शासन में आने के बाद राजस्थान पुन: एक बार विकास एवं सुशासन की राह पर चल पड़ा है। बड़ी संख्या में कल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में व्यापक परिवर्तन हो रहा है। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया के नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है।

उत्तर–पूर्व में जनता भाजपा एवं नेडा के पक्ष में मतदान कर रही है। देश के अन्य भागों की तरह ही उत्तर–पूर्व की भी जनता कांग्रेस पर से अपना विश्वास खो चुकी है। मिजोरम में भी जनता परिवर्तन की राह देख रही है और भाजपा का यहां मजबूती से उभरना तय है। तेलंगाना राष्ट्र समिति की मुश्किलें प्रदेश में बढ़ी हैं और यही कारण है कि उसने वहां समय से पूर्व चुनाव का निर्णय लिया। तेलंगाना में भी भाजपा दृढ़ता से आगे बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में भाजपा का जनसमर्थन निरंतर बढ़ता जा रहा है और लोग हर जगह भाजपा पर बारंबार विश्वास व्यक्त कर रहे हैं। गरीब से गरीब के प्रति समर्पित भाजपा सरकार का परिणाम यह है कि आज पूरे देश में अनेक अभिनव योजनाओं के माध्यम से किसान, मजदूर, दलित, आदिवासी, पिछड़ा, महिला एवं युवा के जीवन में व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के दूरदर्शी एवं कड़ी मेहनत वाले नेतृत्व में करोड़ों कार्यकर्ता आज मां भारती की सेवा में निरंतर समर्पित होने की प्रेरणा पा रहे हैं। भारत का राजनैतिक परिदृश्य पूरी तरह से बदल चुका है और लोग भाजपा की ओर आशा एवं आकांक्षा से देख रहे हैंं। इसमें कोई संदेह नहीं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा भारी जीत की ओर बढ़ रही है।

                                                                                                                                  shivshakti@kamalsandesh.org

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *